दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर मिला युवक का शव, बेगूसराय का था निवासी
मीरजापुर, 16 जून (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के भग्गल की मड़ई के पास दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना रेलवे मेमो के माध्यम से चुनार कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। तलाशी के दौरान युवक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान बिहार के बेगूसराय जनपद निवासी 22 वर्षीय संजीव कुमार के रूप में हुई। पुलिस को उसके पास से विजयवाड़ा से दानापुर तक का रेल टिकट भी मिला है।
प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई होगी। बताया गया कि मृतक के साथ यात्रा कर रहे सहयात्रियों ने उसका बैग डीडीयू जीआरपी को सौंप दिया है।
पुलिस ने मृतक के आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर परिजनों को सूचना भेज दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि युवक की पहचान कर ली गई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा