गंगा पुल से युवक ने लगाई छलांग, मछुआरों की सतर्कता से बची जान
मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कस्बा पुलिस चौकी अंतर्गत पक्का पुल से गुरुवार दोपहर एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। संयोगवश उस समय नदी में मछली पकड़ रहे स्थानीय मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
बेलबीर मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय सुनील साहनी पुत्र गोपाल साहनी ने गुरुवार करीब दो बजे अज्ञात कारणों से पक्का पुल के पिलर संख्या-15 के पास गंगा में छलांग लगा दी। घटना के समय नदी में मौजूद स्थानीय गोताखोर व मछुआरे गुड्डू साहनी, देवेंद्र साहनी और प्रकाश ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगाकर युवक को बाहर निकाला।
इसके बाद युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. अभय सिंह और अनील पाठक ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सूचना मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और युवक व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर परिजनों को आवश्यक हिदायत दी। स्वास्थ्य सामान्य होने पर युवक को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
मछुआरों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
गंगा में मौजूद स्थानीय मछुआरों और गोताखोरों की सूझबूझ व साहस से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि कुछ क्षण की भी देर हो जाती तो युवक की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। स्थानीय लोगों ने मछुआरों की तत्परता की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा