कमरे में फंदे से लटका मिला युवक, मौत
मीरजापुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के सिहावल गांव में मंगलवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
गांव निवासी बृजलाल बिंद का 22 वर्षीय पुत्र सुरेश कुमार बिंद सोमवार रात दोस्तों के साथ बाहर गया था। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रौशनदान से अंदर देखा तो सुरेश का शव लोहे के एंगल से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।
सूचना पर थाना प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
परिजनों के अनुसार सुरेश दो भाइयों में बड़ा था और घर पर रहकर मजदूरी करता था। इसी वर्ष 28 मार्च को उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी सोना देवी का मायका देहात कोतवाली क्षेत्र के जिगनौड़ी गांव में है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा