मीरजापुर : पैर फिसलने से कुएं में गिरा युवक, मौत
मीरजापुर, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में जमालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक हादसे में 24 वर्षीय युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक हरदी सहिजनी गांव निवासी विवेक चौहान शनिवार शाम करीब सात बजे घर के पास स्थित कुएं से पानी लेने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह अंदर कुएं में जा गिरा। युवक के कुएं में गिरने की जानकारी होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, मृतक विवेक अविवाहित था और दूसरे प्रदेश में रहकर पेंटिंग का काम करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत से पिता नागेंद्र चौहान, मां सीता और बहनें रो-रोकर बेहाल है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने रविवार काे बताया कि प्रथम दृष्टया पैर फिसलने के कारण युवक के कुएं में गिरने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा