युवाओं को रोजगार देने वाला बनना चाहिए
मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में मंगलवार को प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में ‘आविष्कार फाउंडेशन’ के उद्यमिता विकास कार्यक्रम-2026 के तहत कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप की दिशा में प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल नौकरी पाना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि युवाओं को रोजगार देने वाला बनना चाहिए। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने विचारों को आकार दिया जा सकता है।
कार्यशाला में अविष्कार फाउंडेशन के मुख्य प्रशिक्षक अधिराज ने स्टार्टअप इंडिया समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र के पास समाज और देश के लिए उपयोगी कोई नया आइडिया है तो उसे सामने लाएं, संस्था उसे मूर्त रूप देने में सहयोग करेगी।
प्रशिक्षण मैनेजर विश्वनाथ ने भी उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला और छात्रों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. राम मोहन अस्थाना ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और उद्यमिता के प्रति उत्साह दिखाया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा