अदवा नदी में डूबने से युवक की मौत
- इकलौते बेटे की मौत से घर में मचा कोहराम
मीरजापुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी खुर्द गांव में शुक्रवार भोर शौच के लिए अदवा नदी में गया 18 वर्षीय युवक तेज बहाव में डूब गया। करीब तीन सौ मीटर दूर नदी किनारे पत्थर में फंसा उसका शव मिला। इकलौते बेटे की मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में मातम पसरा रहा।
अहुगी खुर्द निवासी गौरी शंकर का इकलौता पुत्र अंकित कुमार (18) शुक्रवार सुबह करीब चार बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर अदवा नदी में शौच के लिए गया था। बताया गया कि गुरुवार देर रात अदवा बांध का गेट खोलकर नदी में पानी छोड़ा गया था, जिससे नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया। इसकी जानकारी नहीं होने के कारण अंकित तेज धारा की चपेट में आ गया।
सुबह करीब सात बजे तक अंकित के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से तलाश के दौरान नदी के किनारे से करीब 300 मीटर दूर पत्थर में फंसा अंकित दिखाई दिया। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बांध का गेट बंद कराया।
ग्राम प्रधान सुनील पाल ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अंकित अपने पिता गौरी शंकर का इकलौता पुत्र था और चार बहनों में अकेला भाई था। वह अविवाहित था। उसकी मां शिवकुमारी की करीब एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा