सीढ़ी पर बैठा युवक अचानक गंगा में समाया, एसडीआरएफ ने चलाया तलाशी अभियान

 


मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित गांव स्थित फुटही सीढ़ी घाट पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सीढ़ी पर बैठे एक युवक का अचानक पैर फिसला और वह गंगा की तेज धारा में समा गया। सूचना मिलते ही विंध्याचल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

कंतित गांव में दानव राय प्राथमिक विद्यालय के पास रहने वाले बिंदु सरोज का 23 वर्षीय पुत्र प्रकाश सरोज रविवार दोपहर फुटही सीढ़ी घाट पर बैठा था। बताया गया कि उसके साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान प्रकाश अचानक गंगा में गिर पड़ा और देखते ही देखते पानी की धारा में लापता हो गया।

घटना की जानकारी कंतित सभासद प्रतिनिधि राजकुमार दुबे ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। टीम ने मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने अभियान में मुश्किलें बढ़ा दीं।

घाट पर युवक के परिजन देर शाम तक डटे रहे और उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए रहे। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के कारण गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी की धारा भी तेज है। ऐसे में तलाशी अभियान में काफी परेशानी हो रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक प्रकाश सरोज का पता नहीं चल सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा