भैंसें घर लौट आईं, लेकिन नहीं लौटा चरवाहा, आकाशीय बिजली गिरने से खेत में मिला शव

 


मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के रानीबारी गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद देर शाम जब भैंसें अकेले घर लौट आईं और चरवाहा नहीं पहुंचा तो परिजन को अनहोनी की आशंका हुई। काफी तलाश के बाद युवक का शव खेत (सिवान) में पड़ा मिला।

रानीबारी निवासी 23 वर्षीय संजय कुमार यादव प्रतिदिन की तरह रविवार को भैंस चराने सिवान गया था। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज चमक-गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बताया जाता है कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से संजय की मौके पर ही मौत हो गई।

शाम करीब सात बजे भैंसें बिना चरवाहे के घर लौट आईं। संजय के घर नहीं पहुंचने पर परिजनाें ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात खोजबीन के दौरान उसका शव सिवान में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा