मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत
मीरजापुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। चुनार रेलवे जंक्शन के पास गुरुवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी छोर पर अप लाइन पर सुबह करीब सात बजे हुई।
जानकारी के अनुसार बंगलौर-दानापुर सुपरफास्ट ट्रेन चुनार रेलवे क्रॉसिंग के पहले रुकी हुई थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा 25 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र हरीश कुमार निवासी जलालपुर थाना सिधौलिया जिला गोपालगंज (बिहार) ट्रेन से उतरकर अप लाइन की ओर चला गया। तभी अचानक आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के साथ सफर कर रहे उसके चचेरे भाई अखिलेश सिंह पटेल ने बताया कि दोनों बंगलौर से घर लौट रहे थे और स्लीपर कोच एस-6 में बर्थ नंबर 25-26 पर यात्रा कर रहे थे। ट्रेन रुकने पर मनीष नीचे उतर गया और ट्रैक पर चला गया, तभी हादसा हो गया।
सूचना पर पहुंची चुनार पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा