बेल्जियम में मर्चेंट नेवी में कार्यरत देवरिया के युवक की मौत, गांव पहुंचा शव
देवरिया, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के भलुअनी क्षेत्र स्थित लगड़ा बाजार टोला भगवान गांव के युवक राकेश चौहान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके पैतृक आवास पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मर्चेंट नेवी में फिटर के पद पर कार्यरत राकेश चौहान की बेल्जियम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शुक्रवार को ग्रामीण जुट गए।
लगड़ा बाजार टोला भगवान निवासी राकेश चौहान (32) पुत्र रामदेव चौहान मर्चेंट नेवी में फिटर के पद पर कार्यरत थे और बेल्जियम में तैनात थे। बताया जा रहा है कि गत 7 मई को उन्हें गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और कुछ दिन पूर्व उनके निधन की सूचना परिवार को मिली थी। राकेश चौहान परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रंजना चौहान और छह वर्षीय पुत्र गौरव हैं। पति और पिता को खोने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव के घर पहुंचते ही पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के पिता रामदेव चौहान ने बताया कि राकेश कई वर्षों से मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे और विदेश में रहकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके निधन की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। मृतक का छोटा भाई मुकेश चौहान मुंबई में रहता है, जो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव पहुंच गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक