मीरजापुर : संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, हत्या कर फेंकने की आशंका
- सड़क पर गिरी मिली बाइक, पानी भरे गड्ढे में पड़ा था शव
मीरजापुर, 21 अक्टूबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर-रानीबाग संपर्क मार्ग पर बुधवार सुबह औरइयां गांव के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ध्रुवी गैस एजेंसी से करीब सौ मीटर दूर सड़क किनारे खेत में पानी भरे गड्ढे में शव पड़ा था, जबकि युवक की बाइक सड़क पर गिरी मिली। मृतक के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान अदलहाट थाना क्षेत्र के भाईपुर खुर्द गांव निवासी 28 वर्षीय बाबूलाल बियार के रूप में हुई। सुबह टहलने निकले सहिजनी गांव के लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची जमालपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के सामने युवक की मौत की परिस्थितियों का पता लगाना अहम है। सड़क पर बाइक का गिरा मिलना, शव का पानी भरे गड्ढे में पाया जाना और मुंह-नाक से खून निकलना घटना को संदिग्ध बना रहा है। हालांकि, युवक की हत्या हुई या दुर्घटना में उसकी जान गई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष की जानकारी नहीं दी गई है।
परिजन के मुताबिक, बाबूलाल मंगलवार को पत्नी सोनी देवी और सबसे छोटे बच्चे को बाइक से लेकर चंदौली जिले के बड़उर स्थित देवी दरबार में मुंडन कराने गया था। रात में पत्नी और बच्चे को रिश्तेदारी में छोड़कर वह अकेले घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। बाबूलाल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। थाना प्रभारी जमालपुर अमित कुमार ने बताया कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा