खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, युवती की जलकर मौत

 




फिरोजाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार को बच्चे के नामकरण संस्कार के कार्यक्रम के दौरान गैस पर खाना बनाते समय लीकेज होने से सिलेंडर में आग लग गई। आग से झुलसकर युवती की मौत हो गई। पुलिस जांच कर कार्रवाई कर रही है।

थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव मोहिनीपुर निवासी मुकेश की पत्नी ने एक सप्ताह पूर्व एक बेटे को जन्म दिया था। बृहस्पतिवार को घर में बेटे के नामकरण संस्कार की तैयारी चल रही थी। मुकेश की छोटी बहन कल्पना (20) पुत्री रमेश चंद्र घर के प्रथम तल के बरामदे में गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थी। उसने गैस ऑन की वैसे ही पहले से लीकेज गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से उठीं कि उसने बरामदे में रखे कपड़ों सहित अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। कल्पना भी आग की चपेट में आ गई। चीख पुकार मचने पर तत्काल परिजन कल्पना को एंबुलेंस से लेकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कल्पना की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों आदि से घटना की जानकारी ली है।

इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन शर्मा का कहना है आग लगने से युवती की मौत हुई है। घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़