प्रेमी को जेल से छुड़ाने ने की मांग पर 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती, युवक के आने पर ही नीचे उतरी

 


-पुलिस आरोपित युवक को कोर्ट से लेकर माैके पर पहुंची और तब युवक को देखते ही युवती टावर से नीचे उतरी

कानपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर के पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पीछे मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर वायरलेस कम्युनिकेशन टावर पर चढ़ गई। करीब पचास फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती लगातार चिल्लाती रही कि यदि उसके पति को नहीं छोड़ा गया तो वह कूदकर जान दे देगी। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा, डीसीपी मुख्यालय दिनेश चंद्र त्रिपाठी, स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने उसे नीचे उतरकर बातचीत करने और न्यायालय ले चलने की बात कही, लेकिन वह लगातार अपने प्रेमी को छोड़ने की मांग पर अड़ी रही।

करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस आरोपित युवक को कोर्ट से लेकर पहुंची। युवक को देखते ही युवती टावर से नीचे उतर आई और उससे लिपटकर रोने लगी। इसके बाद पुलिस ने युवती को काउंसलिंग के लिए पुलिस लाइन भेज दिया, जबकि आरोपित युवक को दोबारा जेल भेज दिया गया।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि 22 अक्टूबर 2025 को सचेण्डी थाना क्षेत्र से एक युवती के लापता होने का मामला दर्ज किया गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में 26 अक्टूबर को युवती को बरामद करते हुए बिठूर निवासी युवक को गिरफ्तार किया गया था।

जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। नवंबर 2025 में पुलिस ने मामले की चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी थी। पुलिस के मुताबिक युवक युवती को अपने साथ ले गया था और दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी भी की थी। उसी मामले में युवक फिलहाल जेल में बंद है।

विपिन ताडा ने बताया कि आज इसी मामले में कोर्ट में युवती का बयान होना था, इसलिए वह अपनी मां के साथ कोर्ट पहुंची थी। इसी दौरान वह अपने पति को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर पुलिस कार्यालय के पीछे बने वायरलेस टावर पर चढ़ गई। काफी देर तक समझाने और जान बचाने के प्रयास के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल युवती को काउंसलिंग के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप