मुख्यमंत्री योगी की पराली प्रबंधन पहल से किसानों को मिला नया रास्ता, खेतों का अवशेष बना कमाई का साधन

 


-योगी सरकार में पराली जलाने की मजबूरी खत्म करने की दिशा में बढ़े कदम, बायोगैस प्लांट से किसानों को आर्थिक लाभ और पर्यावरण को राहत

लखनऊ, 10 नवंबर (हि.स.)। योगी सरकार प्रदेश में पराली प्रबंधन को किसानों के लिए आर्थिक अवसर में बदलने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जोर फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित करने पर है। इसके तहत पराली को बॉयोगैस उत्पादन से जोड़कर किसानों को अतिरिक्त आय, खेतों को जैविक खाद और पर्यावरण को प्रदूषण से राहत देने की पहल की जा रही है। इस व्यवस्था से पराली अब किसानों के लिए समस्या नहीं, बल्कि कमाई का नया जरिया बन रही है। प्रदेश में अभी 40 बॉयोगैस प्लांट संचालित हैं और निकट भविष्य में 78 और प्लांट स्थापित किए जाने हैं।

बाराबंकी के हरख ब्लॉक स्थित करामतखेड़ा गांव के योगेश इसका उदाहरण हैं। वह साल में गेहूं, धान और आलू की तीन फसलें उगाते हैं। पहले एक फसल की कटाई के बाद खेतों में बची पराली उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाती थी। उसे जलाने पर जुर्माने का डर और खेत में छोड़ने पर अगली फसल की बुआई में देरी की आशंका रहती थी। अब फसल कटते ही पराली खेत से उठ जाती है और वह समय से अगली फसल की तैयारी शुरू कर देते हैं।

टिकरा गांव के किसान बलराम बताते हैं कि पराली बॉयोगैस प्लांट तक पहुंचने से उसके निस्तारण पर होने वाला खर्च बच रहा है। पहले एक एकड़ खेत से पराली हटाने पर करीब 2,500 से 3,000 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। कई बार समय पर खेत खाली करने के दबाव में किसान पराली जलाने को मजबूर हो जाते थे। इससे पर्यावरण के साथ मिट्टी की सेहत और उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों को भी नुकसान पहुंचता था। अब पराली का इस्तेमाल बॉयोगैस बनाने में हो रहा है। प्रसंस्करण के बाद बचने वाले जैविक अवशेष को खाद के रूप में उपयोग किया जा रहा है।

कृषि विभाग और गेट्स फाउंडेशन की तकनीकी इकाई ने तैयार किया मॉडल

कृषि विभाग के मार्गदर्शन में गेट्स फाउंडेशन की टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (टीएसयू) ने पराली प्रबंधन का यह मॉडल विकसित किया है। बेहतर व्यावसायिक चक्र तैयार करने के लिए सप्लाई चेन से जुड़े सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। इसमें किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को विशेष रूप से जोड़ा गया और उन्हें पायलट प्रोजेक्ट में भागीदारी के लिए तैयार किया गया। इस मॉडल का उद्देश्य खेतों से पराली का समयबद्ध संग्रहण, उसका सुरक्षित परिवहन और बॉयोगैस संयंत्रों में उपयोग सुनिश्चित करना है। इससे किसानों को पराली निस्तारण की समस्या से राहत मिल रही है और फसल अवशेषों का उपयोग ऊर्जा उत्पादन के लिए हो रहा है।

पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। इसका असर पर्यावरण के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इसके अलावा आग की तेज गर्मी मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचाती है और मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता प्रभावित होती है। इसके विपरीत पराली का उचित प्रबंधन और जैविक अपघटन मिट्टी में जैविक पदार्थ की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है।

बाराबंकी के उप कृषि निदेशक उमेश कुमार साह के मुताबिक, जनपद में देवा रोड और हैदरगढ़ में कंप्रेस्ड बॉयोगैस (सीबीजी) प्लांट स्थापित होने से हरख, हैदरगढ़, फतेहपुर और रामनगर ब्लॉक में यह पहल आगे बढ़ाई जा रही है। इन क्षेत्रों से एकत्रित पराली का इस्तेमाल बॉयोगैस तैयार करने में किया जा रहा है। किसानों के खेतों से समय पर पराली उठाई जा रही है और प्रसंस्करण के बाद निकलने वाला जैविक अवशेष खाद के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पराली संग्रहण और ढुलाई से जुड़े कार्यों में भी रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। खेतों में पराली संग्रहण के काम में कम से कम 10 से 12 लोग और संयंत्र में लगभग दो हजार लोग रोजगार से जुड़े हैं।

मशीनों, एफपीओ और एग्रीगेटरों से मजबूत हुई सप्लाई चेन

योगी सरकार के कृषि विभाग की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसान उत्पादक संगठनों और व्यक्तिगत लाभार्थियों को सीआरएम मशीनें खरीदने पर अनुदान सहायता दी जाती है। मशीनों की उपलब्धता को पराली की मांग से जोड़ने के लिए तकनीकी सहायता इकाई के माध्यम से एफपीओ और एग्रीगेटरों के सुपर एग्रीगेटरों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) कराए गए हैं। इन सुपर एग्रीगेटरों के सीबीजी प्लांट के साथ पहले से समझौते हैं।

इस व्यवस्था में एफपीओ और एग्रीगेटरों को सुपर एग्रीगेटरों के माध्यम से प्लांट से जोड़ा गया है। उन्हें मशीनों के संचालन एवं रखरखाव, पराली संग्रहण और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने का प्रशिक्षण भी दिया गया है। ये संगठन किसानों को इस व्यवस्था से जोड़ने, खेतों की मैपिंग और फसल कटाई के अनुसार संग्रहण की योजना बनाने में मदद करते हैं। पराली की कटाई के लिए स्लेशर, रैकर और बेलर जैसी मशीनों का उपयोग किया जाता है। बेलर की मदद से पराली की गठरियां बनाई जाती हैं। इसके बाद इन्हें कलेक्शन सेंटर पर एकत्र कर वाहनों और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से बॉयोगैस प्लांट तक पहुंचाया जाता है। इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य फसल कटाई के तुरंत बाद पराली का उठान सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों को अगली फसल की बुआई में परेशानी न हो।

प्रतिदिन 150 टन पराली से तैयार हो रही बॉयोगैस

देवा रोड स्थित सीबीजी प्लांट से मिली जानकारी के मुताबिक, यहां प्रतिदिन करीब 150 टन पराली का प्रसंस्करण कर बॉयोगैस तैयार की जा रही है। इससे प्रतिदिन लगभग 15 से 19 हजार किलोग्राम बॉयोगैस का उत्पादन हो रहा है। प्लांट में धान और मक्के की पराली का उपयोग किया जाता है। इन फसलों के अवशेषों में सिलिका की मात्रा अधिक होने के कारण पशु चारे के रूप में इनका इस्तेमाल सीमित है। वहीं, किसान आमतौर पर गेहूं की पराली का उपयोग पशुओं के चारे के तौर पर करते हैं। ऐसे में धान और मक्के की पराली को बायोगैस उत्पादन से जोड़ना उसके उपयोग का एक वैकल्पिक रास्ता बन रहा है।

प्रदेश में 78 और बॉयोगैस प्लांट स्थापित करने की तैयारी

कृषि विभाग के निदेशक टीएम त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल 40 बॉयोगैस प्लांट संचालित हैं और निकट भविष्य में 78 और प्लांट स्थापित किए जाने हैं। इन संयंत्रों में पराली के उपयोग से कंप्रेस्ड बॉयोगैस के रूप में ऊर्जा मिलेगी। साथ ही, प्रसंस्करण से प्राप्त जैविक उप-उत्पाद खाद के रूप में उपलब्ध होंगे, जो खेतों की उर्वरता और मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला