उप्र कैबिनेट : नवयुग पालिका योजना के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी
लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में गेहूं खरीद समेत 35 अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। कैबिनेट बैठक के बाद वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने निर्णयों के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी।
बैठक के बाद कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस वर्ष गेंहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल भारत सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है। गत वर्ष की तुलना में 160 प्रति कुंतल की वृद्धि की गई है। कैबिनेट से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। 30 मार्च 2026 से 15 जून 2026 तक गेहूं खरीद की जाएगी। राज्य के अंदर आठ क्रय एजेंसियों द्वारा खरीद की जाएगी। पूरे प्रदेश में छह हजार 500 क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे। एफसीआई, यूपी मंडी परिषद, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, नैफेड, एनसीसीएफ के माध्यम से खरीद की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने बताया कि पावर प्लांट के लिए भारत सरकार द्वारा झारखण्ड के दुमका में आवंटित कोल माइन के विकास के लिए दो हजार 242.90 करोड़ राशि के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गयी है। उल्लेखनीय है कि परंपरागत ऊर्जा में घाटमपुर पॉवर प्लांट में 660 मेगावॉट की तीन यूनिट लगाने का प्रावधान था। दो यूनिट प्रारंभ हो चुकी है। तीसरी जल्द शुरू होने वाली है। इस प्लांट के लिए 2016 में भारत सरकार द्वारा झारखंड के दुमका में पछवारा कोल माइन एलॉट किया गया था। इस कोल माइन के विकास के खर्च के लिए 2242.90 करोड़ राशि को कैबिनेट द्वारा मंजूरी दी गयी है। घाटमपुर पॉवर प्लांट भारत सरकार व प्रदेश सरकार का संयुक्त उपक्रम है।
जिला मुख्यालय के नगर पालिकाओं को स्मार्ट बनाने हेतु बजट में उल्लेखित नवयुग पालिका योजना के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिली है। प्रदेश के 75 जनपदों में 17 नगर निगम वाले जिलों को छोड़कर, समस्त 58 जिला मुख्यालय में यह योजना लागू होगी।
अयोध्या के बाद गोरखपुर शहर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने हेतु चिलुआताल में 20 मेगावॉट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने के लिए कैबिनेट द्वारा मंजूरी प्रदान की गयी। उत्तर प्रदेश में दो फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं। जनपद औरैया में एनटीपीसी द्वारा 20 मेगावाट का, और खुर्जा में टीएचडीसी ने 11 मेगावॉट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया गया है। गोरखपुर के फ्लोटिंग सोलर प्लांट को कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा स्थापित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला