तिलक इंटर कॉलेज में 1500 छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास

 


तिलक इंटर कॉलेज में 1500 छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास

औरैया, 03 अक्टूबर (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से शनिवार को तिलक इंटर कॉलेज में एकदिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलेज के करीब 1500 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक पल को सकारात्मकता के साथ जीने के लिए स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त और स्वस्थ रखना जरूरी है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को उनकी उम्र एवं शारीरिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भस्त्रिका प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। साथ ही शारीरिक क्षमता एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया। इससे पूर्व ब्लॉक परिसर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में स्वास्थ्य साधकों को सूक्ष्म व्यायाम के साथ नौकासन, पवनमुक्तासन, भुजंगासन, शलभासन, वज्रासन, उत्तान पादासन एवं मंडूकासन आदि का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि शुक्ला, प्रभारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष गौरव पांडेय के सतत क्रियान्वयन में किया गया। शिविर में प्रधानाचार्य अजय कुमार दीक्षित सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं योग वैलनेस सेंटर की ओपीडी में कुल 30 मरीज पहुंचे, जिनमें 24 नवीन एवं छह पुराने मरीज शामिल रहे। योग प्रशिक्षक ने बताया कि योग वैलनेस सेंटर में आने वाले लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार