'यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर रोक की मांग, यादव महासभा ने सौंपा ज्ञापन
जौनपुर,24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा ने 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। महासभा के पदाधिकारियों ने फिल्म पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष उमा राज यादव ने कहा कि यादव समाज का देश के सामाजिक, राजनीतिक और सैन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। किसी भी माध्यम से समाज की छवि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि यदि फिल्म में आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री हुई तो सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
महासभा ने मांग की कि संबंधित विभाग फिल्म की सामग्री की जांच कराएं और जांच पूरी होने तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। चेतावनी दी गई कि मांगों पर ध्यान न देने पर संगठन आंदोलन करेगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव