विश्व जनसंख्या दिवस पर 11 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, परिवार नियोजन पर रहेगा जोर

 


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार तथा अनियोजित गर्भधारण की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद मीरजापुर में 11 से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस-2026 अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य विषय गर्भधारण के बीच स्वस्थ समय और उचित अंतराल को बढ़ावा देना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके मिश्रा ने बताया कि परिवार नियोजन सेवाओं और सही जानकारी की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों की मांग पूरी नहीं हो पा रही है तथा किशोर प्रजनन दर अधिक है, वहां विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम मां और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य तथा अनियोजित गर्भधारण की रोकथाम के लिए गर्भधारण के बीच स्वस्थ समय एवं उचित अंतराल तथा स्लोगन जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल रखा गया है। अभियान के दौरान पंचायती राज संस्थाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी निकायों, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आशा कार्यकर्ता लक्ष्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के संबंध में परामर्श देंगी। इसके साथ ही इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों में वाद-विवाद प्रतियोगिता सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा