मीरजापुर : जल संरक्षण और आत्मनिर्भरता पर कार्यशाला, विधायकों ने किया पौधरोपण

 


मीरजापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ब्लॉक मुख्यालय विजयपुर में शनिवार को एक स्वैच्छिक संस्था की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यशाला में सदर विधायक ने वर्षा जल संचयन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर देते हुए कहा कि जल, जंगल और जैव विविधता का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। छानबे विधायक रिंकी कोल ने कहा कि लोगों को बाजार आधारित प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना होगा, ताकि रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिल सकें।

उपायुक्त मनरेगा रमाशंकर सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं कुटीर उद्योगों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं बीडीओ रामपाल ने 'वोकल फॉर लोकल' अभियान से जुड़ी संस्थाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के अंत में सदर व छानबे विधायक तथा अधिकारियों ने ब्लॉक परिसर में छायादार पौधों का रोपण किया। कार्यशाला में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष सिंह, डॉ. रत्नेश तिवारी, प्रशासक गुलाम रसूल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रचार-प्रसार के अभाव में पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा