शराब ठेके पर महिलाओं का हल्लाबोल, कर्मचारियों ने अंदर से बंद किए दरवाजे
- गेंदालाल की मौत के बाद भड़का आक्रोश, बोलीं- बस्ती के बीच अब नहीं चलने देंगे दुकान
मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के दुबहां गांव में गुरुवार शाम करीब तीन बजे सरकारी शराब ठेके पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब आसपास की बस्ती की महिलाओं ने दुकान पर हल्ला बोल दिया। आक्रोशित महिलाओं की भीड़ को देखकर ठेके के कर्मचारी दरवाजे और खिड़कियां बंद कर अंदर दुबक गए। महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि अब बस्ती के बीच किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं चलने दी जाएगी।
महिलाओं के आक्रोश की वजह बुधवार शाम हुई एक घटना बताई जा रही है। शाम करीब सात बजे शराब ठेके पर विवाद हुआ था। इसके कुछ ही मिनट बाद कुछ दूरी पर सेमरी गांव निवासी 45 वर्षीय गेंदालाल का शव मिला था। इस घटना के बाद से ही आसपास की महिलाओं में नाराजगी थी। गुरुवार को उनका गुस्सा ठेके पर फूट पड़ा।
महिलाओं का कहना था कि परिवार के कमाऊ सदस्य शराब ठेके पर अपनी कमाई गंवाकर घर लौटते हैं। इससे परिवारों को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बस्ती के बीच शराब की दुकान संचालित होने पर कड़ा विरोध जताया।
उधर, सेमरी गांव में बालक प्रिंस की फिरौती के लिए अपहरण के बाद हत्या की घटना के बाद पुलिस पहले से ही क्षेत्र में कैंप कर रही है। महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। इसके बावजूद महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस महिलाओं को समझाकर वहां से हटाने का प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा