हाथरस में देसी शराब ठेका बंद कराने के लिए महिलाओं ने किया प्रदर्शन —हंगामा
हाथरस, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस शहर के आगरा रोड स्थित सादाबाद गेट के निकट एक देसी शराब के ठेके को लेकर रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नाई का नगला, लाला का नगला और आसपास के कई मोहल्लों की महिलाओं ने ठेके के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंची महिलाओं ने ठेके के बाहर जमकर नारेबाजी की और तोड़फोड़ का प्रयास करते हुए पथराव भी किया। अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और ठेके के कर्मचारियों को जान बचाकर इधर-उधर भागना पड़ा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि शराब के ठेके के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि ठेके से शराब खरीदने वाले लोगों के कारण आए दिन मोहल्लों में विवाद, झगड़े और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। महिलाओं का कहना था कि कई परिवार शराब की लत के कारण आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति और परिवार के अन्य सदस्य शराब की गिरफ्त में आ चुके हैं, जिससे घरों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और घरेलू कलह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि देसी शराब के इस ठेके की आड़ में आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री भी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काेतवाली थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने महिलाओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाकर शांत कराया। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिलाएं अपने बच्चों के साथ वहां से लौट गईं। हालांकि महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और क्षेत्र से शराब का ठेका नहीं हटाया गया, तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना