जैविक खेती से महिला सशक्तिकरण की पहल, साै से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण
मीरजापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के पाहो बाजार में रविकिरण महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी व समुन्नति फाउंडेशन की पहल पर महिला किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल के तहत 100 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किया गया।
डायरेक्टर प्रेमशिला सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को रसायन मुक्त खेती, जैविक खाद निर्माण और प्राकृतिक कीट नियंत्रण के तरीके सिखाए गए। साथ ही उन्हें जैविक खाद बनाने के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। महिलाओं के खेतों पर डेमो बेड तैयार कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
विशेषज्ञों ने महिलाओं काे जैविक खाद तैयार करने की विधि बताई और कम लागत में बेहतर उत्पादन के उपाय साझा किए। इस पहल का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखते हुए किसानों की आय बढ़ाना है।
प्रेमशिला सिंह ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें ‘बीज से बाजार’ तक हर सुविधा उपलब्ध कराकर संगठित करना है। इस अभियान से जुड़ी महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं और अपने गांवों को जैविक ग्राम बनाने का संकल्प ले रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा