महिला ने फांसी लगा दी जान, ससुरालियाें पर आराेप

 


हाथरस, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बा स्थित मोहल्ला बरीवाला में बुधवार को एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष के लोगों ने बेटी की मौत का आरोप ससुरालियों पर लगाते हुए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उपनिरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान मोहल्ला बरीवाला निवासी राहुल की पत्नी मालती के रूप में हुई है। परिजनों ने मालती को घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा और तुरंत उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

मालती की मौत की सूचना मिलते ही उसके मायके पक्ष के सदस्य सादाबाद पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

उपनिरीक्षक ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना