महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण : जिलाधिकारी
वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए शासन द्वारा जनपद में एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया है।
उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, गुणवत्तापरक एवं चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग (14 से 15 वर्ष) की बालिकाओं को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आंकड़ों की माने तो सम्पूर्ण विश्व के 100 से अधिक राष्ट्रों में उक्त टीके का प्रयोग किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं तथा वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित किया गया है कि टीके को लगाने से किसी भी प्रकार की कमजोरी, शारीरिक दुष्प्रभाव नहीं है। बाजार में टीके का मूल्य अत्यधिक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार तथा राज्य सरकार के तत्वाधान में देश की प्रत्येक बेटी को सुरक्षा प्रदान करने हेतु उक्त टीकाकरण पूर्णतयः निशुल्क किया जा रहा है, जो जनपद की बेटियों को मजबूत और स्वस्थ बनाने का सर्वोत्तम अवसर है। सभी ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में टीकाकरण के लिए विशेष सत्र सोमवार से शनिवार प्रातः 10 बजे अपराह्न 03.00 बजे तक चल रहे हैं।
टीका लगवाने के लिए बेटी का आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र या आयु प्रमाणित करने वाले दस्तावेज तथा संबंधित का मोबाइल फोन (ओटीपी उपलब्ध कराने) के साथ में ले जाना होगा। इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करके पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराएं। टीकाकरण के संदर्भ में किसी भी प्रकार की भ्रांतियों अथवा अफवाहों पर ध्यान न देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें एवं अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
जनपद वासियों की सक्रिय सहभागिता से जनपद में टीकाकरण अभियान पूर्ण सफलता को प्राप्त करेगा, जिसके फलस्वरूप जनपद की बेटियां स्वस्थ एवं सुरक्षित होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद