कुएं में उतराता मिला वृद्ध महिला का शव
मीरजापुर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित मटिहानी गांव में रविवार सुबह 66 वर्षीय वृद्धा का शव घर के पास स्थित कुएं में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन कुएं में गिरने से मौत होने की आशंका जता रहे हैं।
गांव निवासी रमावती देवी शनिवार रात भोजन के बाद घर में सोई थीं। उनके पुत्र धीरेंद्र ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे नींद खुलने पर मां बिस्तर पर नहीं मिलीं। पहले लगा कि वह शौच के लिए बाहर गई हैं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए।
इसी दौरान घर के पास स्थित जमीन स्तर के कुएं में झांकने पर रमावती देवी का शव पानी में उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मृतका अपने दूसरे पुत्र धीरेंद्र के साथ रहती थीं। उनके तीन पुत्र हैं और सभी विवाहित हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया वृद्धा की कुएं में गिरने से मौत प्रतीत होती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
--------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा