बल्कर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत, पति गंभीर
मीरजापुर, 19 सितंबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनीपुर गांव में शनिवार दोपहर सीमेंट लदे बल्कर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गोद में बैठा एक वर्षीय बेटा मामूली चोटों के साथ बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद चालक बल्कर छोड़कर फरार हो गया।
दुर्जनीपुर गांव निवासी 30 वर्षीय देवराज अपने एक वर्षीय बेटे अनुज कुमार का इलाज कराने पत्नी राजकुमारी (27) के साथ बाइक से ड्रमंडगंज बाजार गए थे। दवा कराने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। एनआईआरसी पेट्रोल पंप के पास सर्विस लेन से गुजरते समय एक बल्कर चालक वाहन को पीछे कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से पहुंची बाइक बल्कर की चपेट में आ गई। पहिये के नीचे आने से राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में देवराज के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि अनुज मां की गोद से नीचे गिरने के कारण मामूली रूप से घायल हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बल्कर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। घायल पिता-पुत्र को पहले न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। बाद में देवराज को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल भेजा गया।
मृतका की सास दुआसी देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बल्कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है और घटना की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा