महिला ने फंदे से लटककर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

 


-तीन बच्चों की मां थी मृतका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारी कलां गांव में सोमवार देर रात एक 27 वर्षीय महिला का शव घर के भीतर कच्चे मकान की बंडेर से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बंजारी कलां निवासी बाबूलाल कोल की पत्नी एकादशी देवी संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिलीं। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बताया गया कि एकादशी देवी की शादी आठ वर्ष पहले हुई थी। उनका मायका हलिया थाना क्षेत्र के देवघटा पांडेय गांव में है। वह अपने पीछे दो बेटियों और एक पुत्र को छोड़ गई हैं।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा