ट्रेन से गिरकर अधेड़ महिला की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस
मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ा स्टेशन के पास बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि, कीमैन ने रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के सिर में गंभीर चोटें हैं, जिससे प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मृतका की उम्र करीब 50 वर्ष है। वह नीले रंग का सूट पहने और दाहिने हाथ में कड़ा पहने थी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पूर्व 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, ताकि पहचान कराई जा सके। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा