प्रसव के बाद विवाहिता की मौत, इलाज व मारपीट का आराेप
मीरजापुर, 23 मार्च (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के भभौरा ग्राम पंचायत के मजरा मुरदहवा में प्रसव के बाद 22 वर्षीय विवाहिता सोनाली देवी की मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजन में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि सोनाली देवी अपने पति सूरज के साथ ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर जीवन यापन करती थी। गर्भवती होने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर पति उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ। परिजन का आरोप है कि अस्पताल द्वारा अधिक पैसे की मांग की गई और रकम न देने पर महिला को अस्पताल से बाहर कर दिया गया। मृतका के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले पति ने गर्भावस्था के दौरान ही बेटी के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई थी। घर लाने के बाद अचानक उसकी तबीयत खराब हुई और उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के बाद पैसे के अभाव में महिला को घर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। नवजात बच्चा सुरक्षित है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा