प्रेमी से मिलने पहुंची युवती टावर पर चढ़ी, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

 


मीरजापुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती बुधवार को प्रेमी से मिलने औराई थाना क्षेत्र के एक गांव पहुंची। काफी देर इंतजार के बाद भी प्रेमी के नहीं आने और मोबाइल बंद मिलने पर युवती पास के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा और परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, युवती की सुबह प्रेमी से फोन पर बातचीत हुई थी। बताया जाता है कि दोनों के बीच शादी को लेकर चर्चा हुई थी। प्रेमी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। तय स्थान पर पहुंचने के बाद युवती ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन प्रेमी नहीं पहुंचा। इसके बाद वह करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाकर नीचे उतारा।

थाना प्रभारी चील्ह भरत उपाध्याय ने बताया कि युवती चील्ह थाना क्षेत्र की है जबकि घटनास्थल औराई थाना क्षेत्र की है औराई पुलिस को मामला सुपुर्द कर चील्ह पुलिस लौट आई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा