फर्श पर सो रही महिला को सांप ने डसा, मौत
मीरजापुर,11 जुलाई (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के डवंक चौकी अंतर्गत डवंक गांव में शुक्रवार देर रात जहरीले करैत सांप के डसने से 30 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।
डवंक गांव निवासी बिंदू देवी शुक्रवार रात भोजन करने के बाद अपने बच्चों को चौकी पर सुलाकर स्वयं नीचे कच्चे फर्श पर सो गई थीं। रात करीब 12 बजे अचानक उनकी उंगली में करैत सांप ने डस लिया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर पति की नींद खुली,लेकिन तब तक सांप वहां से निकल चुका था।
परिजन और ग्रामीण तत्काल महिला को गाजीपुर जनपद स्थित अमवा के सती माई स्थान पर ले गए,जहां झाड़-फूंक और उपचार का प्रयास किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर शनिवार सुबह उन्हें कमलापति चिकित्सालय, चंदौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा