खेत से लौट रही महिला काे सांप ने डसा, मौत
मीरजापुर, 25 अगस्त (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के पटेहरा खुर्द गांव में मंगलवार शाम खेत से घर लौट रही 45 वर्षीय महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। महिला गांव में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थी।
पटेहरा खुर्द निवासी रामप्यारी मंगलवार सुबह धान के खेत में निराई करने गई थीं। शाम करीब पांच बजे काम पूरा करने के बाद वह परिजन के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। बताया गया कि खेत की मेड़ के पास छिपा जहरीला सांप अचानक बाइक की ओर आया और महिला पर हमला कर दिया।
सांप से बचने के लिए रामप्यारी बाइक से उतरकर भागने लगीं, लेकिन सांप ने पीछा कर उनके पैर में डस लिया। घटना से घबराकर बाइक सवार भी वहां से दूर भाग गया। सर्पदंश के कुछ ही देर बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी।
परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामप्यारी की मौत की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम करने वालों के सामने सर्पदंश के खतरे को भी सामने ला दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा