नवागत वन्यजीव प्रतिपालक ने किया पौधशाला व मृदा कार्य का निरीक्षण, समय से पौधरोपण के दिए निर्देश

 


मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। नवागत वन्यजीव प्रतिपालक मीरजापुर-सोनभद्र धर्मेंद्र द्विवेदी ने मंगलवार को हलिया क्षेत्र की पौधशालाओं एवं मृदा कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पहली बारिश के साथ ही पौधरोपण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान वन्यजीव प्रतिपालक ने हलिया क्षेत्र के दिघिया, कवलझर प्रथम, कवलझर द्वितीय तथा गोर्गी स्थित पौधशालाओं का जायजा लिया। यहां आम, इमली, आंवला, सेमल, महुआ सहित विभिन्न प्रजातियों के तैयार किए जा रहे पौधों की स्थिति का अवलोकन किया और उनकी देखरेख संबंधी जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने पर्शिया एवं औरा वनभूमि क्षेत्र में 10 हेक्टेयर में कराए गए मृदा संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के आगमन के साथ ही पौधरोपण अभियान में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा हो सके।

धर्मेंद्र द्विवेदी ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके।

इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय, नीतू शर्मा, सीतला बक्स सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा