मीरजापुर: चार महीने बाद भी समिति में नहीं जमा हुआ 1600 क्विंटल गेहूं
- मठना साधन सहकारी समिति सील, सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को दी तहरीर
मीरजापुर, 02 नवंबर (हि.स.)। जमालपुर ब्लॉक की मठना साधन सहकारी समिति पर सरकारी गेहूं खरीद के चार महीने बाद भी करीब 1600 क्विंटल गेहूं जमा नहीं हुआ है। समिति पर कुल 8535 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। शेष गेहूं या उसकी कीमत जमा नहीं होने पर विभाग में हड़कंप मचा है। अनियमितता के आरोप में समिति को सील कर दिया गया है।
समिति के किसानों ने सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीसीएफ के अधिकारियों ने सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। हालांकि, अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। गेहूं जमा नहीं होने के मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
एडीसीओ विनोद कुमार ने बताया कि अनियमितता के कारण मठना साधन सहकारी समिति को सील किया गया है। इस बार यहां धान क्रय केंद्र भी नहीं बनाया गया है। समिति पर करीब 1600 क्विंटल गेहूं जमा नहीं है। सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है, लेकिन अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा