10 बीघा गेहूं जलकर राख, दमकल की देरी पर भड़के किसान

 


मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के सिंकदरपुर गांव के सिवान में रविवार दोपहर अचानक लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब आधा दर्जन किसानों की लगभग 10 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।

दोपहर में खेतों की ओर से उठती लपटें देखकर किसान मौके पर पहुंचे तो आग धू-धू कर फसलों को निगल रही थी। जब तक अन्य ग्रामीण जुटते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने हरे पेड़ों की टहनियों से आग को पीट-पीटकर किसी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

आगजनी में चिंतामणि का 2 बीघा, अपरवल का 2 बीघा, विजय मौर्य का 3 बीघा, सदन मौर्य का 1 बीघा तथा बचाऊ प्रसाद, अजय कुमार विश्वकर्मा और केशव विश्वकर्मा का करीब 15-15 बिस्वा गेहूं जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर से मौके पर पहुंची, जिससे किसानों में आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना था कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था।

ग्राम प्रधान सतीश सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि जमालपुर थाना परिसर में दमकल की एक गाड़ी स्थायी रूप से तैनात की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तत्काल काबू पाया जा सके। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है और प्रभावित किसानों ने मुआवजे की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा