उप्र का मौसम : मानसूनी की सक्रियता कमजोर हाेने से उमस भरी गर्मी के आसार, पांच दिन तक बारिश की संभावना नहीं
लखनऊ, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है और कई जिलाें में अधिक बारिश हाेने से जन जीवन अस्त व्यस्त है, लेकिन अब कुछ दिन के लिए इस पर विराम लगने वाला है। बारिश के लिए इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने सोमवार को मौसम में हाे रहे बदलाव को लेकर अलर्ट जारी कर बताया कि आने वाले चार से पांच दिनों तक छिटपुट स्थानों को छोड़कर पूरे यूपी में कहीं बारिश नहीं होगी। सोमवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.9 और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। अगले पांच दिनों यानी कि 18 जुलाई तक बारिश को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं है। इसलिए उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और सेंट्रल यूपी के कई जिले शुष्क रहेंगे। ऐसे में गर्मी और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी। हालांकि तराई के कुछ जिलों और पूर्वी यूपी के गोरखपुर-महराजगंज जैसे कुछ जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जतायी गयी है।
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि मौसम विभाग ने अगले 05 दिनों के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में भयंकर उमस और सूखे मौसम की चेतावनी जारी की है। आगे बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब की वजह से प्रदेश में मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति से काफी उत्तर में तराई की ओर स्थानांतरित हो गई है। वहीं प्रदेश में कोई अन्य मौसम तंत्र सक्रिय नहीं होने के कारण प्रदेश में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ने से आने वाले 3-4 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश भाग में मौसमी गतिविधियां अत्यधिक सीमित होकर कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा ही हाेगी। ऐसे में तापमान में एक बार फिर से क्रमिक बढ़ोत्तरी होने से प्रदेश भर में उमस भरी गर्मी पड़ने की सम्भावना है, तदुपरांत बंगाल की खाड़ी में हो रही हलचल के दृष्टिगत एक बार पुनः प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में क्रमिक बढ़ोत्तरी की सम्भावना है|
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह