उप्र का मौसम : प्रदेश के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, पूर्वांचल में सबसे अधिक वर्षा की संभावना

 


लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आज (बुधवार) मानसून काफी सक्रिय है और तापमान अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र ने बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी ज़िलों में कहीं-कहीं 21 सेंटीमीटर से ज़्यादा बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी भारत में फैले कई ऊपरी-हवा वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ मिल रहा है। इससे तेज बारिश के लिए बना सिस्टम अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और फिर कमज़ोर पड़कर एक कम दबाव वाला क्षेत्र में बदल जाएगा।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी झारखंड तथा उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बिहार के ऊपर स्थित अवदाब पिछले छह घंटों के दौरान 18 किमी. प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और आज दक्षिण-पश्चिमी बिहार एवं दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर, 24.3°N अक्षांश एवं 83.9°E देशांतर के पास केंद्रित था। यह वाराणसी से 170 किमी. दक्षिण-पूर्व तथा सीधी (मध्य प्रदेश) से 210 किमी. पूर्व में स्थित था। बंगाल की खाड़ी में बने विक्षोभ के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून का असर

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश भर में अगले एक सप्ताह तक पूरी तरह सक्रिय रहने का पूर्वानुमान है। मध्य यूपी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में अगले छह-सात दिन बादल जमकर बरसेंगे।

लखनऊ में तापमान में आई गिरावट

प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मौसम की बात करें तो यहां पिछले तीन-चार दिनों से रुक रुक कर हो रही बरसात से जन जीवन प्रभावित है। निचले इलाकों में जल भराव की समस्या है। बारिश के कारण लखनऊ में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को दिन का पारा 32 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बुधवार काे तापमान में मामूली उतार चढ़ाव आ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह