उप्र का मौसम : उष्ण लहर से तीव्र लू का दौर जारी, इस सप्ताह प्रदेश में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल
लखनऊ, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम के रुख में लगातार तल्खी बनी हुई है। पूरा प्रदेश गर्म हवाओं और लू की चपेट में है। आने वाले कई दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की अनुमान है। प्रदेश में छिटपुट गतिविधियों तक सीमित मौसमी सक्रियता के परिणामस्वरूप शुक्रवार काे राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर एवं फर्रुखाबाद में उष्ण लहर (लू) के साथ-साथ खीरी लखीमपुर, बाराबंकी एवं बहराइच तीव्र उष्ण लहर (लू) की चपेट में रहे| प्रदेश में प्रभावी मौसमी गतिविधियों के अभाव में प्रदेश में उष्ण लहर (लू) का यह दौर आगामी 28 जून तक जारी रहने की संभावना है |
भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 29 जून से प्रदेश में वर्षा का एक नया दौर आरम्भ होने तथा इसमें उत्तरोत्तर वृद्धि के साथ 30 जून से प्रदेश में व्यापक वर्षा की सम्भावना के दृष्टिगत दक्षिण पश्चिम मानसून के आगामी 3-4 दिनों के दौरान किसी भी समय उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के उपरान्त आने वाले दिनों में तेज़ी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं|
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह