उप्र का मौसम : तपिश से लोग बेहाल, 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, आंधी-पानी की चेतावनी

 


लखनऊ, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में दो दिन पहले चंद फुहारों के बाद भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को सुबह से ही सूरज की तपिश लोगों को बेहाल किए हुए है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए सावधान किया है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं—कहीं गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा 12 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी—पानी का अलर्ट जारी किया है। 14 जून तक प्रदेश में मौसम का ऐसा ही रुख रहने का अनुमान है।

केरल में मानसून के दस्तक देने के बावजूद मौसम में तपिश बढ़ गयी है। तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी है। हालात यह है कि प्रदेश में कहीं तेज धूप से लोग परेशान हो रहे हैं तो कहीं हीटवेव झुलसा रही है। आसमान में बादल भी जब तब चक्कर लगा रहे हें। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जतायी है। सुबह से ही दिन चढ़ने के साथ धूप की तपिश बढ़ती जा रही है। कहीं-कहीं उष्ण लहर यानी लू चलने की भी संभावना जताई गई है। इससे तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप है। हालांकि आज जेठ माह का बड़ा मंगल होने के कारण शहर में जगह—जगह जल प्याऊ और भंडारों का आयोजन किया गया है। इससे लोगों को थोड़ी राहत है ओर वे प्यासे होने पर जल,मीठा जल और प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के डेढ़ दर्जन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें मुख्य रूप से बुंदेलखंड और आसपास के क्षेत्र अधिक हैं। इन जिलों में प्रमुख रूप से झांसी, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, कौशांबी प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, संतरविदास नगर, सोनभद्र और चंदौली व आसपास के जिलों में लू का यलो अलर्ट दिया गया है। इतना ही नहीं 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से गर्म हवाएं चलेंगी।

प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मंगलवार को 16 जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलाें में झांसी, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, कौशांबी, प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, संत रविदास नगर, सोनभद्र और चंदौली व आसपास के जिले शामिल हैं। इन जिलाें में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से गर्म हवाएं चलेंगी।

10 जून काे आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

प्रदेश में 10 जून काे मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इसमें गरज-चमक के साथ पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर लू भी चलना शामिल है। 12 जून को ज़्यादातर इलाकों में तेज बारिश होने के आसार हैं। कहीं-कहीं बिजली गिरने का भी ऑरेंज अलर्ट है। माना जा रहा है कि प्रदेश में भी प्री मानसून की गतिविधियां सक्रिय होते ही जल्द ही मानसून दस्तक दे देगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह