उप्र मौसम : भीषण गर्मी की चपेट में पूरा प्रदेश, देश में लगातार सबसे अधिक गर्म होने का रिकार्ड बांदा के नाम
लखनऊ , 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह होते ही सूर्यदेव प्रचंड गर्मी बरसाने लगते हैं और रात को भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश के बांदा जिले को देश का सबसे गर्म जगह के रूप में चिन्ह्रित किया गया है। बांदा लगातार चौथे दिन 48°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जबकि प्रदेश की राजधानी लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज भी तापमान के मामले में नित नये रिकार्ड दर्ज कर रहे हैं ।
मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक पूर्वी और दक्षिणी यूपी में भयंकर लू चलने की संभावना जताई है। इस दौरान पश्चिमी जिलों में भी कई जिलों में दिन के साथ-साथ रात में भी परेशान कर सकती है। इस भीषण गर्मी के कारण 2-3 डिग्री तापमान बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। आंकडे़ं देखें तो कल बुधवार को बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार बांदा देश में सबसे अधिक गर्म जगह है। यहां के हालात देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए जिले में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। हालात ऐसे बन रहे हैं कि प्रदेश में मई माह में ही तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
चारों तरफ तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है और सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। भीषण गर्मी में सबसे अधिक परेशानी तब होती है तब दिन और रात में कई बार बिजली की आपूर्ति बाधित होने लगती है। राजधानी लखनऊ में बिजली आपूर्ति की आवाजाही को लेकर दो विधायकाें राजेश्वर सिंह और डॉक्टर नीरज बोरा ने विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर गर्मी में बिजली की आपूर्ति नियमित रूप से बनाए रखने का आग्रह किया है। इसी प्रकार देवरिया में भी बिजली की आपूर्ति को लेकर लोगों ने बिजली घर पर प्रदर्शन किया।
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार उत्तर प्रदेश में आज भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने वाला है। तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों में भीषण गर्मी का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। इनमें मुख्य रूप से कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, जालौन, ललितपुर, कौशांबी, हमीरपुर, महोबा, झांसी और मिर्जापुर आदि जिले शामिल हैं। आज दिन भर तेज धूप रहेगी और तापमान लगभग 42°C - 45°C के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विभाग ने आज गुरुवार को मौसम के आगामी सात दिनों के पूर्वानुमान और मौसम संबंधी चेतावनी जारी की हे। विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 27 मई तक मौसम शुष्क रहेगा और 25 से 35 किमी की रफ्तार से धूल भरी आंधी हवाएं चल सकती हैं। दिन के समय कुछ स्थानों पर दिन के अलावा रात में भी लू चलने की संभावना है। इसी अवधि में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और लू चलने की संभावना जतायी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह