उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश से बदला मौसम, 50 से अधिक जिलों में अलर्ट

 


लखनऊ, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव हो रहा है। मंगलवार काे प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ी हैं। राजधानी लखनऊ में सुबह हल्की बाैछाराें के बाद देर शाम तेज आंधी-पानी से जन जीवन प्रभावित हुआ। इसी प्रकार हाथरस समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश कई हिस्साें में आंधी तूफान से कई जगह पेड़ उखड़ गये और बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटाें में प्रदेश में जगह-जगह आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। यह सब एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रहा है। इसीलिए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में तेज हवाओं और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने सात से नाै अप्रैल तक उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें या फिर तेज बारिश की संभावना जतायी है। प्रदेश के कई जगहों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश का येलो अलर्ट है। मंगलवार काे नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बुलंदशहर, अमरोहा, बदायूं, संभल, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, रायबरेली, उन्नाव समेत कई जिलाें में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना बतायी और नोएडा और गाजियाबाद में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इस कारण अगले 48 तक पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। उन्होंने बताया कि 08 अप्रैल को उत्तर प्रदेश में मौसम के बदलाव का असर पूरे प्रदेश देखने को मिलेगा। इसीलिए मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली और ओले गिरने की भी चेतावनी भी है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम के रुख को देखते हुए खुले में फसल न रखें और स्वयं भी खेतों में काम करने से बचें।

इसी प्रकार 09 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बौछारों की संभावना है। इससे तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट बनी रहेगी। इसके बाद 10 से 13 अप्रैल तक पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह