लखनऊ समेत यूपी के 30 से ज्यादा जिलों में अगले तीन घंटे में बारिश का अलर्ट
- गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की चेतावनी, बरेली-रामपुर-बदायूं और मेरठ में भारी बारिश के आसार
लखनऊ, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज रविवार को बदलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ की ओर से जारी जिला स्तरीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। राजधानी लखनऊ भी अलर्ट वाले जिलों में शामिल है।
मौसम विभाग के अनुसार बरेली, रामपुर, बदायूं और मेरठ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती और संतकबीरनगर समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है।
लखनऊ में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में अगले तीन घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और यातायात पर असर पड़ सकता है। आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
कई क्षेत्रों में सक्रिय है मौसम प्रणाली
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम प्रणाली सक्रिय होने के कारण बारिश का दौर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि अगले कुछ घंटों के दौरान पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वांचल के भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
इन जिलों में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, मथुरा, कासगंज, आगरा, उन्नाव, बाराबंकी, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, अलीगढ़, बदायूं, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, संभल, हापुड़, अमरोहा, गाजियाबाद, मुरादाबाद और बिजनौर में भी कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश और बिजली-गरज की संभावना है।
पूर्वांचल में प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा और महाराजगंज समेत कई जिलों में भी बारिश के आसार हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में बढ़ सकती है परेशानी
प्रदेश के कई जिले पहले से बाढ़ और जलभराव की स्थिति से प्रभावित हैं। इनमें चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कानपुर में पांडु नदी के तटवर्ती इलाके, प्रयागराज, बनारस, बहराइच समेत कई जिले शामिल हैं। ऐसे में नई बारिश से नदी किनारे के गांवों, निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रशासन को नदियों के जलस्तर और संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखने की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा