उप्र में बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट, बलिया-चंदौली-गाजीपुर में अगले तीन घंटे ऑरेंज अलर्ट

 


लखनऊ, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटाें के लिए बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। सचेत ऐप से मंगलवार को प्राप्त ताजा सूचना के अनुसार अगले 03 घंटों के दौरान बलिया, चंदौली और गाजीपुर के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की बहुत संभावना है। इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ की ओर से 18 अगस्त को जारी उत्तर प्रदेश उप-प्रभाग दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

24 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 से 24 अगस्त तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश/गरज-चमक होने की संभावना बनी हुई है। कुछ दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा और बढ़ने का अनुमान है। मौसम संबंधी चेतावनी में 18 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के साथ कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।

इन जिलों में खास सतर्कता

सचेत ऐप के ऑरेंज अलर्ट के तहत बलिया, चंदौली और गाजीपुर के कुछ इलाकों में अगले तीन घंटे मौसम खराब रहने की संभावना है। बारिश के दौरान गरज-चमक और तेज बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 17 अगस्त तक प्रदेश में कुल 398.6 मिमी. बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 496.3 मिमी. होनी चाहिए थी। इस तहर अब तक सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। प्रदेश में क्षेत्र की बात करें तो पूर्वी यूपी में 27 प्रतिशत कम और पश्चिमी यूपी में आठ प्रतिशत कम बारिश हुई है। अगले सप्ताह तक बारिश इस कमी को कुछ हद तक पूरा करने की संभावना है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सलाह दी जाती है कि बिजली चमकने और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूरी बनाए रखें। जरूरी न हो तो अलर्ट की अवधि में बाहर निकलने से बचें और स्थानीय प्रशासन एवं मौसम विभाग की ताजा सूचनाओं पर नजर रखें।

आज इन जिलों में भी है भारी बारिश की चेतावनीप्रदेश के बलिया, चंदौली और गाजीपुर के अगले कुछ घंटों में भारी बारिश के अलर्ट के अलावा चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर जिलों और इनके आसपास के क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा