सत्ता पाने के लिए ममता के इशारे पर टीएमसी के गुंडों ने की विधानसभा चुनाव में 350 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या : जोएल मुर्मू
उत्तर प्रदेश/मालदा, 24 सितम्बर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की ममता सरकार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शुभेंदु अधिकारी की सरकार को सत्ता पर काबिज हुए चार महीने हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा में बांग्लादेशी घुसपैठ एक बड़ा मुद्दा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार के संवाददाता ने पश्चिम बंगाल में ममता सरकार की विदाई के बाद मालदा जनपद में स्थित भारत बांग्लादेश बॉर्डर का जायजा लिया। इस दौरान आगरा-होशियारचंद्र गांव रोड पर बीएसएफ की अस्थायी चौकियां बनी हुई दिखाई दी। स्थानीय किसानों ने बातचीत में बताया कि इस जगह से बांग्लादेश की सीमा पांच किलोमीटर दूर है और बांग्लादेशी घुसपैठिये वहां से उनके खेतों में खड़ी फसलों को काट लेते हैं। उनके पालतू जानवरों की चोरी कर ले जाते हैं। यहां तालाबों में पल रही मछलियों को मारने के लिए जहर डाल देते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सरकार बदलने पर नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किसानों की जमीन अधिग्रहण कर बीएसएफ को सौंप दी है और बीएसएफ ने अस्थाई बॉर्डर की जगह जीरो प्वाइंट इजरायली तकनीक का इस्तेमाल कर फिनिशिंग का काम शुरू कर दिया है।
पश्चिम बंगाल के दौरे दौरान संवाददाता ने आगरा-होशियारचंद्र गांव रोड पर पश्चिम बंगाल के सिंचाई विभाग के मंत्री जोएल मुर्मू से मुलाकात की। इस विशेष मुलाकात में उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की सरकार बनी है। उन्होंने बताया कि यहां टीएमसी की सरकार में अराजकता और हिटलरशाही का राज था। जनता परेशान थी। ममता के गुंडे और माफियाओं ने आम जनमानस का जीना दुश्वार कर रखा था।
मंत्री ने बताया कि इस चुनाव में टीएमसी के गुंडों ने हिंसा कर भाजपा के 350 कार्यकर्ताओं की हत्या की है। एक कार्यकर्ता की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि किस तरीके से दिनदहाड़े टीएमसी के गुंडों ने भाजपा के कार्यकर्ता के मुंह में पिस्टल घुसेड़कर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था और तत्कालीन टीएमसी सरकार में पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की थी। उन्होंने बताया कि अब जनता के आशीर्वाद से उनकी (भाजपा) सरकार सत्ता में है। अब प्रदेश में टीएमसी के गुंडे, माफियाओं पर कार्रवाई हो रहीं हैं। आम नागरिक की सुरक्षा भाजपा सरकार की पहली जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि सरकार बेरोजगार और महिलाओं के लिए लाभकारी योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार मिलकर पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन की सरकार बन चुकी है और डबल इंजन की सरकार की हर लाभकारी योजना का लाभ अब सीधे लाभार्थी तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि यहां भी गुंडे और माफियाओं पर कार्यवाही के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर एक्शन को प्रभावी किया जाएगा।
सिंचाई मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अवैध घुसपैठ बड़ी समस्या थी, जिसको लेकर उनकी सरकार ने जमीन बीएसएफ के हवाले कर दी है और बॉर्डर सुरक्षित करने के लिए इजरायली तकनीक से जीरो प्वाइंट पर फिनिशिंग का कार्य जारी है। यह कार्य पूरा होने के बाद बांग्लादेश से होने वाली घुसपैठ बंद हो जाएगी और राज्य में होने वाली आपराधिक घटनाओं में भी रोक लगेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह