अब गांव-गांव होगी पानी की जांच, पंचायत सहायकों को मिली वाटर टेस्टिंग किट
मीरजापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। गांवों में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में जल जीवन मिशन ने कदम बढ़ाया है। गुरुवार को जमालपुर ब्लॉक सभागार में जल जीवन मिशन विभाग की ओर से पंचायत सहायकों को पानी की गुणवत्ता जांचने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान 50 पंचायत सहायकों को वाटर टेस्टिंग किट वितरित की गई।
प्रशिक्षक विकास मौर्य ने पंचायत सहायकों को किट के माध्यम से पानी की जांच करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि समय-समय पर गांवों में पेयजल की जांच की जाएगी। वाटर टेस्टिंग किट की मदद से पानी में मौजूद विभिन्न रासायनिक पदार्थों और बैक्टीरिया का पता लगाया जा सकेगा। पानी की जांच के लिए आवश्यक टैबलेट भी उपलब्ध कराई गई।
प्रशिक्षक ने कहा कि दूषित पानी के सेवन से ग्रामीणों को कई तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नियमित जांच से पानी की गुणवत्ता का पता समय रहते लगाया जा सकेगा और लोगों को पीने योग्य शुद्ध पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के बाद पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने-अपने गांवों में समय-समय पर पानी के स्रोतों की जांच करें और पानी की गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचाएं।
इस दौरान शैलेंद्र सिंह, सुजीत विश्वकर्मा, भानू यादव, पूजा कुमारी, रवि दुबे, सभ्या कुमारी, राजेश कुमार, सिमोन, आर्यन यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा