अष्टभुजा मंदिर में रहस्यमयी पानी का रिसाव, श्रद्धालुओं में चर्चा तेज

 




मीरजापुर, 02 मई (हि.स.)। विंध्याचल क्षेत्र के त्रिकोण परिक्रमा स्थित मां अष्टभुजा मंदिर में विग्रह के पास से पानी का लगातार रिसाव होने से पुजारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बीते करीब एक सप्ताह से जारी इस रिसाव ने इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

मंदिर के पुजारी मनीष द्विवेदी ने बताया कि ऐसा पहली बार देखा जा रहा है, जब मां के विग्रह के बिल्कुल पास से पानी निकल रहा हो। उन्होंने आशंका जताई कि पहाड़ी क्षेत्र में बिछी पाइपलाइन में कहीं लीकेज होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो सकती है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने की मांग की है।

घटना को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे तकनीकी कारणों से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं कई श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर भी चर्चा कर रहे हैं। फिलहाल मंदिर परिसर में हो रहे इस पानी के रिसाव ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उत्सुकता और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा