मानसून सत्र : उत्तर प्रदेश विधान सभा में अनुपूरक बजट पास, सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
लखनऊ, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन भी हंगामेदार रहा। बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार को विपक्षी दल के सदस्यों द्वारा किए गए हंगामे को चिंताजनक करार दिया। उसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी तो विपक्ष ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। लगातार हंगामें के बीच विधान सभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी।
विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने संबोधन में कहा कि मेरे मना करने के बाद भी सदन में कल (मंगलवार को) जो हुआ, वह अत्यंत निंदनीय है। मैं यह भी कहना चाहूंगा कि हमारे मना करने के बाद भी कतिपय सदस्यों ने इस सदन की प्रतिबंधित कार्यवाही मीडिया को दिया एवं उसको प्रसारित किया गया। यह आपत्तिजनक है। मीडिया को भी इसका ध्यान रखना चाहिए। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी। प्रश्नकाल के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने एक प्रश्न का उत्तरा देना शुरू किया। विपक्षी दल के सदस्यों ने फिर हंगामा शूरू कर दिया। इस पर पीठासीन अधिकारी ने आधे घंटे के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। इस बीच सदन का स्थगन अपराह्न एक बजे तक बढ़ा दिया गया।
एक बार फिर सदन की कार्यवाही शुरू हुई। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मंगलवार को सदन में प्रस्तुत अनुपूरक बजट विधान सभा में ध्वनि मत से पास हुआ। संभल दंगों की रिपोर्ट के साथ ही सीएजी रिपोर्ट विधान सभा के पटल पर रखी गयी। वहीं इस दौरान बचे हुए सारे विधायी कार्य निपटाए गए और इसके उपरांत तीसरे दिन ही विधान सभा की कार्यवाही अनिश्चतकाल के लिए स्थगित कर दी गयी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला