प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों ने गृह जनपद वाराणसी में किया मतदान, मताधिकार की किया अपील

 


वाराणसी, 23 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में स्नातक एमएलसी चुनाव में प्रदेश सरकार के तीन मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र, हंसराज विश्वकर्मा और रविन्द्र जायसवाल ने अपने गृह जनपद वाराणसी में मतदान केंद्रों पर मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने मतदान करने के बाद मतदाताओं से अपने मताधिकार के प्रयोग करने की अपील किया।

वाराणसी के मछोदरी स्थित शारदा विद्या मंदिर में आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र ने वाराणसी खंड विधान परिषद निर्वाचन के अंतर्गत अपने मताधिकार का प्रयोग कर मतदान किया। मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता, सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। एक स्वस्थ्य वातावरण के निर्माण के लिए मताधिकार का उपयोग करना है। वही, स्टाम्प पंजीयन मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पर पहुंच कर मतदान किया। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि स्नातक चुनाव (एमएलसी) में परिवार के साथ मतदान किया हूँ। क्या आपने मतदान किया है। अगर नहीं किया तो राष्ट्रहित में मतदान अवश्य करें।

प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने वाराणसी में ककरमत्ता स्थित आदर्श बाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के मत में निहित है। आइए, हम सभी अपने मताधिकार के महत्व को समझें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।आपका एक वोट, लोकतंत्र की मजबूत नींव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद