वाराणसी के शिवपुर में युवा चाट विक्रेता ने फांसी लगाई
वाराणसी, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर (शीतल नगर) में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अभय जायसवाल (23) के रूप में हुई है। वह बीए तृतीय वर्ष का छात्र होने के साथ-साथ चाट की दुकान भी चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शिवपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, अभय जायसवाल चांदमारी क्षेत्र में शाम के समय चाट का ठेला लगाता था। मंगलवार की शाम को भी वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौटा और परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह काफी देर तक जब अभय के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। आवाज देने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका, तो अभय का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल इस हृदयविदारक घटना की जानकारी शिवपुर पुलिस को दी। इसके साथ ही मृतक के बड़े भाई को भी सूचित किया गया। बड़ा भाई पुलिस विभाग में कार्यरत है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। गहन छानबीन के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई आत्महत्या से जड़ा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शिवपुर पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी