वाराणसी : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर काशी में योग की बयार, नमोघाट पर योग सप्ताह शुरू
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, डॉ दयाशंकर मिश्र व अफसरों ने भी की भागीदारी
वाराणसी, 15 जून (हि.स.)। देश में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व धर्मनगरी काशी में योग की बयार बहने लगी है। सोमवार से गंगा घाटों, सार्वजनिक पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विभिन्न संस्थानों में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में नमो घाट पर भी इस वर्ष की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग के साथ योग सप्ताह का विधिवत आगाज किया गया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों सहित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. नितेश श्रीवास्तव, एसडीएम पवन कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय यादव, दिनेश यादव ‘पप्पू’, गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’ एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इसके बाद नमो घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं और पुरुषों ने आयुष मंत्रालय के निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार, योग शिक्षक दिनेश कुमार मौर्य एवं योग शिक्षिका आरती सिंह के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास किया। योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज वैश्विक स्तर पर मानव स्वास्थ्य और कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में पहचान बनाई है। ऋषि-मुनियों द्वारा विकसित यह अमूल्य परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है तथा भारत को विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन पारस यादव ‘पप्पू’ एवं डॉ. दीपिका दवे ने किया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी